गन्ना किसानों के ब्याज की रकम प्रदेश सरकार द्वारा मिल मालिकों के लिए माफ किए जाने और बकाया गन्ना मूल्य दिए जाने की मांग को लेकर शनिवार को रालोद ने कलक्ट्रेट पर धरना दिया।
रालोद ने प्रदेश सरकार पर मिल मालिकों से सांठगांठ करने का आरोप लगाया। अब 21 अक्तूबर को रालोद के राष्ट्रीय महासचिव जयंत चौधरी वेव सिटी पर लंबे समय से धरना दे रहे किसानों का समर्थन करने उनके बीच पहुंचेंगे।
रालोद के जिलाध्यक्ष अजयपाल सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों का जो ब्याज का पैसा मिल मालिकों को माफ किया है उसे किसानों में बांटा जाए। वेव सिटी के खिलाफ धरने पर बैठे किसानों की मांगे मानीं जाएं और डासना-मेरठ एक्सप्रेस-वे के लिए अधिग्रहित की गई जमीन का मुआवजा गाजियाबाद में एक समान दिया जाएगा।
उन्होंने रईसपुर, रजापुर, सिहानी गांवों के 28-ए के मुआवजे का जल्द भुगतान किए जाने की भी मांग की। इस दौरान प्रदेश महासचिव अय्यूब अली, वीरपाल मलिक, मनवीर सिंह, तेजपाल सिंह, सतीश राठी, महिला जिलाध्यक्ष डॉ. गीता, चौधरी अनूप सिंह, अमित त्यागी, सुनील त्यागी आदि मौजूद रहे।