मास्टर कॉलोनी में रहने वाले रामवीर सिंह (58) अपनी पत्नी राजेश गोला के साथ सात सितंबर को हवाई जहाज से नेपाल के काठमांडू में दर्शन करने के लिए गए थे। रामवीर सिंह गोला के छोटे बेटे विशाल गोला ने बताया कि आठ सितंबर को वे काठमांडू स्थित हयात रेजिडेंसी में ठहरे थे। नौ सितंबर की रात करीब साढ़े 11 बजे सैकड़ों उपद्रवी होटल में घुसे और तोड़फोड़कर लूटपाट करने के बाद आग लगा दी। होटल में लगी आग से रामवीर सिंह और उनकी पत्नी चौथी मंजिल स्थित कमरे में फंस गए। सूचना पर पुलिस, सेना और बचाव दल मौके पर करीब एक घंटे बाद पहुंचे।
होटल में ठहरे लोगों की जान बचाने के लिए बचाव टीम ने जमीन पर गद्दे बिछाए थे। चौथी मंजिल पर खिड़की से झांक रहे दंपती को टीम ने गद्दों पर कूदने का इशारा किया। आग की लपटों से घिरा दंपती जान बचाने के लिए होटल की चौथी मंजिल से कूद गया। गद्दों पर गिरने के बाद राजेश गोला का सिर सड़क पर जा लगा और गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसी दौरान मौके पर एक बार फिर से अफरातफरी मच गई। सेना ने घायल राजेश गोला को काठमांडू स्थित टीचिंग अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि रामवीर गोला को छावनी स्थित वीरेंद्र हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। 10 सितंबर को रामवीर गोला कुछ स्वस्थ हुए और उन्होंने पत्नी की खोजबीन शुरू की। करीब आठ घंटे के बाद उन्हें अपनी पत्नी का शव टीचिंग अस्पताल के शव गृह में मिला। पीड़ित बेटे ने बताया कि उनकी मां को समय से उपचार नहीं मिला और लगातार रक्तस्राव होने से उनकी मौत हो गई।
शुक्रवार को एंबुलेंस से लाया जाएगा शव
राजेश गोला के छोटे बेटे विशाल ने बताया कि उनकी मां के शव का पोस्टमॉर्टम बृहस्पतिवार की दोपहर कराया गया है। दो बजे काठमांडू से एंबुलेंस शव रखकर उनके पिता गाजियाबाद के लिए रवाना हो गए हैं। संभावना जताई जा रही है कि शनिवार की सुबह राजेश गोला का शव आवास पर लाया जाएगा।
मूल रूप से बुलंदशहर के हैं कारोबारी
मेरठ रोड पर श्री हरि टूर एंड ट्रेवल्स, अशोका रोड लाइंस और हंस इलेक्ट्रॉनिक्स एलजी शोरूम के मालिक रामवीर सिंह गोला मूल रूप से गांव गाजी बैनीपुर, थाना सिकंदराबाद जनपद बुलंदशहर के रहने वाले हैं। मास्टर कॉलोनी में करीब 40 वर्ष से परिवार सहित रहते हैं। परिवार में बड़ा बेटे राजकमल गोला व विशाल गोला बेटी भारती कमल हैं। इनकी देहरादून, आगरा और दिल्ली में भी टूर एंड ट्रेवल्स की शाखाएं हैं।