गाजियाबाद। विजयनगर सेक्टर-नौ निवासी 68 साल की विमला देवी ने पड़ोस में रहने वाले सेवानिवृत्त दरोगा और उनके दो बेटों पर रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। आरोप है कि रुपये नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रता है। सेवानिवृत दरोगा के बेटे उनके बेटे के कारोबार में अड़चन डालकर ब्लैकमेल कर रहे हैं। मामले में उन्होंने सर्वेश शर्मा, ललित शर्मा और पुनीत शर्मा के खिलाफ विजयनगर थाने में केस दर्ज कराया है।
विमला देवी का कहना है कि वह बीमार रहती हैं और उनका छोटा बेटा मनोज कुमार पशु आहार का व्यापार करता है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले सेवानिवृत दरोगा सर्वेश शर्मा और उसके दो बेटे ललित शर्मा और पुनीत शर्मा उनके परिवार को परेशान कर रुपये की मांग कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने एक मकान लिया है तो वह उस मकान को मांग रहे हैं। आरोप है कि सर्वेश शर्मा के बेटे खुद को पत्रकार बताते हैं और उनके व्यापार के संबंध में झूठी खबरें छापते हैं। साथ ही माल की आने वाली ट्रक को पकड़कर उनकी छवि खराब करने के लिए खबर डालते हैं। एसीपी नगर निमिष पाटिल का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।