गाजियाबाद। साइबर अपराधियों ने आईपीएस अधिकारी की मां राजकुमारी त्यागी से ठगी करने का प्रयास किया। शातिर ने पहले कॉल करके खुद को उनका भतीजा बताया और रुपये भेजने की बात कही। इसके बाद 9.70 लाख रुपये का फर्जी मेसेज भेज दिया। बाद में दूसरे कॉलर ने उनके भतीजे का दोस्त बताकर 2.50 लाख रुपये की मदद मांगकर ठगी करने का प्रयास किया। शक होने पर उन्होंने उसे रकम नहीं भेजी बल्कि अपने बेटों को इसकी जानकारी दी और भतीजे से बात की। तब उन्हें पता चला कि साइबर ठग की कॉल थी।
राजनगर निवासी राजकुमारी त्यागी ने बताया कि उनके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉलर ने कहा कि वह उनका भतीजा बोल रहा है। वह विदेश में काम से आया है। उन्हें कुछ रुपये भेज रहा है। उन्होंने मना किया लेकिन विश्वास में लेकर रुपये भेजने की बात कही। इसी बीच विश्वास में लेने के लिए शातिर ने उनके भतीजे, भाई और भाभी के नाम भी बताए। कुछ देर बाद कॉलर ने उन्हें 9.70 लाख रुपये खाते में भेजने का फर्जी मेसेज भेज दिया।
इसके बाद दूसरे कॉलर ने खुद को सरदार जी बताकर उनके भतीजे का दोस्त बताया और कहा कि उनके दोस्त ने अभी आपको रकम भेजी है। उनकी मां की तबीयत खराब है। दोस्त ने आपसे रुपये लेने के लिए बोला है आप 2.50 रुपये भेज दीजिए। शक होने पर उन्होंने अपने बेटे व भतीजे से बात की तो उन्होंने धोखाधड़ी का पता चला। मामले में उन्होंने साइबर सेल में शिकायत करके केस दर्ज कराया है। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि शातिरों को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।