साहिबाबाद। ग्रैप-3 की पाबंदियां हटने के बाद शहर की हवा में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। तीन दिन से वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और शहर की हवा खराब श्रेणी में बरकरार है। शुक्रवार को गाजियाबाद का एक्यूआई दो अंक बढ़कर 234 पहुंच गया। सबसे खराब स्थिति न्यू तहसील लोनी की रही, जहां एक्यूआई 372 दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार को जिले का एक्यूआई 232 दर्ज किया गया था।
तेज हवाओं और धूप निकलने के कारण 16 दिन बाद शहर की हवा में सुधार हुआ था और प्रदूषण का स्तर भी कम हुआ था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक, 17 नवंबर को शहर का एक्यूआई 176 दर्ज किया गया था। उसी शाम को ग्रैप-3 की पाबंदियां हटा दी गई थीं। हालांकि, इसके बाद से प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। तीन दिन में एक्यूआई 58 अंक बढ़ चुका है। मौसम साफ होने और धूप निकलने के बावजूद प्रदूषण से राहत नहीं मिल रही है।
ग्रैप के दूसरे चरण की पाबंदियां लागू होने के बावजूद हवा की गुणवत्ता में सुधार नहीं हो रहा है। खासकर लोनी और वसुंधरा में प्रदूषण का स्तर अधिक बना हुआ है। शुक्रवार को न्यू तहसील लोनी का एक्यूआई 372 रहा, जबकि वसुंधरा में 280 और वेद विहार लोनी में 258 दर्ज किया गया। अन्य निगरानी केंद्रों पर भी प्रदूषण का स्तर अलग-अलग रहा।
शहर के स्टेशनों का हाल
न्यू तहसील लोनी 372
वसुंधरा 280
वेद विहार लोनी 258
इंदिरापुरम 236
लोनी 256
वेव सिटी 185
संजय नगर 163
गोविंदपुरम 118