अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार सिंह को समस्या बताते चिरंजीविहार व अवंतिका के निवासी। स्रोत: जागरूक
गाजियाबाद। अवंतिका और चिरंजीव विहार के निवासियों ने बिजलीघर में अनुचित कार्य किए जाने का आरोप लगाया है। स्थानीय लोग सोमवार को कविनगर स्थित कार्यालय में अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार सिंह से मिले। आरोप लगाया कि चिरंजीव विहार स्थित बिजलीघर में जेई, लाइनमैन व अन्य कर्मचारी शाम होते ही शराब पीने लगते हैं। शिकायत लेकर पहुंचने वाले लोगों के साथ अभद्र व्यवहार भी किया जाता है।
स्थानीय पार्षद मनोज त्यागी की अगुवाई में पहुंचे निवासियों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है। आबादी के बीच रखे ट्रांसफार्मरों में आग लगने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों अधिकारियों की ओर से शिकायतों के समाधान के लिए निवासियों के व्हाट्सएप ग्रुप बनवाए गए थे, ताकि लोग अपनी समस्या दर्ज करा सकें और उनका त्वरित समाधान हो सके, लेकिन इसका कोई लाभ नहीं मिला।
निवासियों का कहना है कि जेई और लाइनमैन को कई बार फोन किए गए, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। शिकायत लेकर जब लोग बिजलीघर पहुंचे तो वहां कर्मचारी शराब के नशे में मिले। उनका कहना था कि यह पहली घटना नहीं है, बल्कि रोजाना ऐसी ही स्थिति बनी रहती है। इस पर अधीक्षण अभियंता ने मामले की जांच कराने का भरोसा दिया।
घंटाघर बिजलीघर की भी हो चुकी है शिकायत
नवयुग मार्केट स्थित घंटाघर बिजली घर में भी जुआ खेलने और शराब पीने के बाद विवाद होने की शिकायत हाल ही में अधीक्षण अभियंता से की गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि ऊर्जा निगम के कुछ पुराने कर्मचारियों का बिजलीघर पर दबदबा है और वे किसी की सुनने को तैयार नहीं होते।
ऊर्जा निगम जोन-1 के अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दोनों बिजलीघरों में अनुचित कार्य होने की शिकायत मिली है। इसकी जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ताओं का हित सर्वोपरि है।