गाजियाबाद। विजयनगर सेक्टर 12 सी ब्लॉक के लोग इन दिनों गंदे नाले, टूटी सड़क और बदहाल पार्क की समस्या से परेशान हैं। इलाके की करीब सात हजार की आबादी बारिश के दौरान जलभराव का सामना करती है। लोगों का आरोप है कि इसको लेकर कई बार अधिकारियों से लेकर लोगों तक से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। इलाके के नाले पूरी तरह से गंदगी से पटे पड़े हैं। पार्क में न तो बैठने की व्यवस्था है और न ही टहलने के लिए ट्रैक। इसकी वजह से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
पार्क में लगा है कूड़े का ढेर : इलाके के रहने वाले अनमोल ने बताया कि इलाके के पार्क को लोगों के लिए तैयार किया गया है, लेकिन पार्क के एक कोने पर लोगों ने कूड़ा डाल दिया है। इसके अलावा पार्क में कई स्थानों पर ट्रैक टूट गई है। इसकी वजह से सुबह टहलने वालों को भी परेशानी होती है। इलाके की सड़कें पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। गलियों का हाल और बुरा हो रखा है। कई स्थानों पर पत्थर उखड़ चुके हैं। जिसकी वजह से हमेशा खतरे का अंदेशा बना रहता है।
आवारा कुत्ते बने परेशानी का सबब : इलाके के रहने वाले गोलू स्वामी ने बताया कि इलाके की सबसे बड़ी समस्या आवारा कुत्तों की है। यहां बड़ी संख्या में कुत्ते हैं। कई बार इनके हमलों से इलाके के लोग घायल हो चुके हैं। नगर निगम की ओर से एक बार इन कुत्तों को पकड़कर ले जाया गया था, लेकिन कुछ दिनों के बाद फिर इन्हें छोड़ दिया गया। बच्चों और बुजुर्गों ने कुत्तों के डर से इलाके में घूमना बंद कर दिया है।
बोले लोग ::::
पार्क में न तो बैठने की कोई व्यवस्था है और न ही बच्चों के खेलने के लिए कोई उपकरण लगा हुआ है। शाम होते ही पार्क में अराजकतत्वों का जमावड़ा हो जाता है।
तरुण सिंह, निवासी
इलाके की मुख्य सड़कों के साथ गलियां पिछले कई माह से खराब हैं। बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। इसकी वजह से कई बार हादसे हो चुके हैं। शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं होती है।
शेखर, निवासी
नालों की सफाई नहीं होने के चलते इलाके में बारिश के दिनों में काफी समस्या होती है। मुख्य मार्ग के साथ ही बारिश का पानी सड़कों पर भर जाता है।
राहुल सिंह, निवासी
इलाके में पेयजल को लेकर पिछले कई वर्षों से समस्या बनी हुई है। इसके अलावा बिजली की कटौती ने इलाके के लोगों का जीना दुश्वार कर रखा है। शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं होती है।
राजीव, निवासी
बोले पार्षद
इलाके में लगातार विकास का कार्य चल रहा है। सड़कों और गलियों की मरम्मत के लिए भी निगम की ओर से तेजी से कार्य किया जा रहा है। जल्द ही इसको भी दुरुस्त करा लिया जाएगा।
ओमवीर सिंह ओढ़, पार्षद