गाजियाबाद। नगर आयुक्त साहब... मेरठ रोड स्थित न्यू आर्यनगर में गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है। लोहे की पाइपलाइन वर्ष 1986 से पहले बिछाई गई थी। जंग लगने से अब पाइप पूरी तरह गल चुके हैं। सीवरेज का पानी भी इस पाइपलाइन से घरों तक पहुंच रहा है। मजबूरी में लोगों को पानी खरीदकर पीना पड़ता है। उससे बीमारी फैलने का खतरा है।
यह समस्या न्यू आर्यनगर की संध्या त्यागी और उनके साथ आए स्थानीय लोगों ने नगर आयुक्त से नग निगम सभागार में आयोजित हुई संभव जनसुनवाई में बताई। उन्होंने यह भी कहा कि वह लंबे समय से पाइपलाइन बदलवाने के लिए गुहार लगा रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। नगर आयुक्त ने जलकल विभाग के अधिकारियों को इसमें गंभीरता से कार्रवाई करने के आदेश दिए।
इस दौरान सिब्बनपुरा के नरेंद्र कुमार बिल्लू ने शिकायत दी कि सीवरेज पाइपलाइन से लोगों को दिक्कत हो रही है। कौशांबी के महेश यादव ने जलभराव और पार्क में सुविधाएं बढ़ाने की मांग की। सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुई सुनवाई में पेयजल की तीन, गृहकर की दो, अतिक्रमण व सड़क निर्माण की एक-एक शिकायत मिलीं। अपर नगर आयुक्त अवनिंद्र कुमार ने बताया कि शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित को आदेश दिए गए हैं।