बुलंदशहर। नाबालिग बेटे की शादी कराने के मामले में आरोपी पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। बाल कल्याण समिति की शिकायत पर पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई की है।
नगर कोतवाली में शिकायत देकर एसआई सौरभ शर्मा ने बताया कि बाल कल्याण समिति की ओर से 15 दिसंबर को एक किशोर की शादी कराने के लिए शिकायत दी गई थी। आरोप था कि नगर के शांति नगर सुशीला विहार निवासी मुख्तयार सिंह ने अपने बेटे की शादी उम्र छिपाकर की है। डिबाई क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से शादी के बाद बाल कल्याण समिति की टीम की शिकायत पर पुलिस ने मामले में जांच शुरू की थी। इस दौरान पुलिस ने अगौरा स्थित शिव चरन इंटर कालेज में जाकर किशोर की टीसी व अन्य दस्तावेजों की जांच की। जांच में सामने आया कि शादी के दौरान किशोर की उम्र 17 वर्ष नौ माह और पांच दिन थी। ऐसे में उसके पिता द्वारा की गई शादी अवैध थी। मामले में नगर कोतवाली में आरोपी मुख्तयार सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।