बुलंदशहर। औरंगाबाद क्षेत्र वासियों के लिए एक अच्छी खबर है। स्वास्थ्य सुविधा के लिए उन्हें अब भटकना नहीं पड़ेगा। कस्बा वासियों को स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए किराये के भवन में नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोला जाएगा। इसके लिए विभाग भवन की तलाश में जुटा है। भवन मिलने पर नगरीय पीएचसी का संचालन कर सुविधा दी जाएगी।
औरंगाबाद में अभी तक स्वास्थ्य सुविधा के लिए कोई सरकारी चिकित्सालय नहीं हैं। हालांकि कस्बे से करीब दो किमी दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखावटी का संचालन हो रहा है। जहां आने-जाने के लिए मरीजों को निजी वाहन पर निर्भर रहना पड़ता है तो अधिकांश को पैदल जाना पड़ता है।
मरीजों की परेशानी देख विभाग कस्बे में नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने जा रहा है। यह शुरुआत में किराये के भवन में संचालित होगा। इसके लिए विभाग एक हजार या एक हजार स्क्वायर फिट से अधिक एरिया के भवन की तलाश में जुटा है। जहां एंबुलेंस भी आ-जा सके।
नगरीय पीएचसी खुलने से कस्बा क्षेत्र की जनता को काफी लाभ मिलेगा। उन्हें इलाज के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा। खासकर बच्चे और गर्भवती महिलाओं को इसके खुलने से राहत मिलेगी।
कोट
औरंगाबाद कस्बे में नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने के लिए किराये के भवन की तलाश की जा रही हैं। पर्याप्त जगह मिलने पर नगरीय पीएचसी खोलने को संसाधन लगाए जाएंगे। - डॉ. सुनील कुमार दोहरे, सीएमओ