मोदीनगर। किदवई नगर कॉलोनी निवासी महिला इमराना को नंदोई और भांजों ने लाठी डंडों से पीटकर घायल कर दिया। आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ की और वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज की है।
इमराना ने बताया कि उनका नंदोई अय्यूब किसी बात को लेकर उनसे रंजिश रखता है। आरोप है कि अय्यूब पुरानी रंजिश के चलते उन पर कई बार हमला कर चुका है। आरोपी शनिवार रात अपने दोनों पुत्र शहजाद और दिलशाद के साथ जबरन इमराना के घर में घुस गया और गाली-गलौज करते हुए इमराना को पीट दिया। आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ कर सामान और स्कूटी क्षतिग्रस्त कर दी। आरोपी घटना की शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। घायल इमराना को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।