दीर्घायु नशा मुक्ति केंद्र से 13 मरीज भाग गए जबकि भागने की कोशिश कर रहे एक मरीज की पेट में सरिया घुसने के कारण मौत हो गई है। मृतक के परिजनों ने नशा मुक्ति केंद्र पर हंगामा किया और गार्ड के साथ मारपीट की। पुलिस ने नशा मुक्ति केंद्र को सील कर दिया। दीर्घायु नशा मुक्ति केंद्र राजेंद्र नगर सेक्टर-3 ब्लॉक-10 के मकान संख्या 96 में है।
सोमवार रात करीब 12 बजे यहां भर्ती 14 मरीजों ने स्टाफ को चकमा देकर केंद्र के पीछे की ओर लगी खिड़की की ग्रिल उखाड़ ली और किरण अपार्टमेंट में पहुंच गए। अपार्टमेंट के गेट पर ताला लगा हुआ था, मरीजों ने गेट को तोड़ने की कोशिश की तो गेट के ऊपर लगा लोहे सरिया टूट गया। मरीज गेट फांदकर भागने लगे।
13 मरीज तो भाग निकले जबकि मरीज मोहसिन खान (38) गेट फांदने के दौरान संतुलन खो बैठा और गिर गया। उसके पेट में टूटकर गिरा लोहे का सरिया घुस गया। उसने सरिया पेट से निकाला और भागने लगा, लेकिन कुछ दूर जाकर स्वामी विवेकानंद स्कूल के पास बेहोश होकर गिर गया और उसकी मौत हो गई।
मोहसिन की मौत की सूचना पर मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे उसके परिजन नशा मुक्ति केंद्र पहुंचे और हंगामा करने लगे। उन्होंने केंद्र पर तैनात गार्ड की पिटाई की तो बाकी स्टाफ भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने केंद्र को सील कर दिया, साथ ही परिजनों का कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। एएसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि नशा मुक्ति केंद्र के डायरेक्टर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
केंद्र से भागे मरीजों की तलाश की जा रही है। मरीजों के पते मांगे गए हैं, जिससे उनके परिजनों से संपर्क किया जा सके। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है।
रेजिडेंट्स को लगा अपार्टमेंट में घुस आए चोर
गेट का ताला तोड़ने और कूदने की आवाज सुनकर किरण अपार्टमेंट के रेजिडेंट्स को लगा कि अपार्टमेंट में चोर घुस आए हैं। रेजिडेंट्स नीचे आए तो मरीजों को भागते हुए देखा। रेजिडेंट्स ने उनका पीछा भी किया। इसी दौरान मोहसिन उन्हें सड़क पर पड़ा दिखाई दिया, जिसके पेट से खून बह रहा था।
रेजिडेंट्स ने पुलिस को सूचना दी, मौके पर पहुंची पुलिस उसे अस्पताल ले जाने लगी, मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। दूसरी तरफ, मंगलवार को घटना सूचना पर पहुंचा एक परिवार केंद्र में भर्ती अपनी महिला मरीज को वहां से ले गया।