फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: आज 90 स्थानों पर होगा रावण दहन, पुतला घंटाघर में जलेगा

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
गाजियाबाद। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक दशहरे पर मंगलवार को जिले में 90 स्थानों पर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन होगा। सुरक्षा के लिए 3000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। जीटी रोड समेत कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है। रामलीला समितियों ने भी भीड़ को देखते हुए बाउंसर और वॉलंटियर तैनात किए हैं। कहीं रात आठ बजे तो कहीं 12 बजे पुतले जलाए जाएंगे।
सबसे ऊंचा रावण घंटाघर की श्री सुल्लामल रामलीला में जलाया जाएगा। यहां 100 फीट ऊंचा रावण, 90 फीट ऊंचा कुंभकर्ण और 80 फीट ऊंचा मेघनाद का पुतला होगा। रामलीला रात 8:30 बजे शुरू होगी और दहन रात 10 बजे होगा। मीडिया प्रभारी नीरज गोयल ने बताया कि रावण की गर्दन 180 डिग्री घूमेगी और आंखों से चिंगारियां निकलेंगी। बुधवार को भरत मिलाप और अग्निपरीक्षा के विशेष मंचन के साथ लीला का समापन होगा।
विज्ञापन

संजयनगर में 60 फीट ऊंचा रावण रात 12 बजे जलेगा। कविनगर में रामलीला शाम चार बजे शुरू होगी और दहन रात आठ बजे होगा। कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय जैन ने बताया कि सुरक्षा और जाम को लेकर प्रशासन की एडवाइजरी का पालन किया जा रहा है। वाहनों को दूर पार्क कराया जाएगा। सभी गेटों पर वॉलंटियर तैनात रहेंगे और सीसीटीवी से निगरानी होगी। यहां 75, 70 और 65 फीट ऊंचे पुतलों का दहन डीएम, कमिश्नर और सांसद करेंगे। रावण को रिमोट से जलाया जाएगा।
राजनगर रामलीला में 60, 55 और 50 फीट ऊंचे पुतले रात 10:30 बजे डीएम रिमोट से जलाएंगे। राजनगर एक्सटेंशन में 60, 50 और 50 फीट ऊंचे पुतले रात नौ बजे जलेंगे। प्रताप विहार में 30, 27 और 27 फीट ऊंचे पुतलों का दहन रात नौ बजे होगा।
पुतलों को अंतिम रूप देने में जुटे कारीगर
सोमवार को दिनभर सभी रामलीला मैदानों में पुतलों को अंतिम रूप देने का काम चलता रहा। पुतलों को देखने बच्चों में खास उत्साह दिखा। मेले में लोग पुतलों के साथ सेल्फी लेते नजर आए।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजकरण नय्यर ने बताया कि दशहरे पर सुरक्षा के लिए 3000 से अधिक पुलिसकर्मी, पीएसी की तीन कंपनी और 30 क्यूआरटी तैनात रहेंगी। संदिग्धों पर नजर रखी जाएगी और रामलीला समितियों से समन्वय किया गया है। नगर में 35, देहात में 23 और ट्रांस हिंडन में 32 स्थानों पर दहन होगा।



दो दिन रहेगा डायवर्जन
यातायात पुलिस ने घंटाघर रामलीला को देखते हुए 21 अक्तूबर तक जीटी रोड पर डायवर्जन लागू किया है। दोपहर दो बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक व्यावसायिक वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। 20 अक्तूबर तक कार, ऑटो और ई-रिक्शा भी इसी अवधि में प्रतिबंधित रहेंगे। वाहन हापुड़ तिराहे से पुराना बस अड्डा होते हुए निकलेंगे। गोशाला तिराहे से जस्सीपुरा जाने वाले वाहन हापुड़ तिराहे से डायवर्ट होंगे। शंभू दयाल से रेलवे रोड कट तक ऑटो-ई-रिक्शा नहीं चलेंगे। छोटे हरिद्वार में मूर्ति विसर्जन को लेकर भी डायवर्जन है।

मेरठ से कोई भी व्यावसायिक वाहन मोदीनगर-मुरादनगर नहीं आएगा। ऐसे वाहन डीएमई और एनएच-9 से निकलेंगे। मोदीनगर से भारी वाहन राज चौपला से हापुड़ मार्ग, गंगनहर से आने वाले वाहन नानू पुलिया से मेरठ की ओर डायवर्ट होंगे। गाजियाबाद से मुरादनगर जाने वाले भारी वाहन भी डीएमई और एनएच-9 से जाएंगे। टीला मोड़ से पाइपलाइन मार्ग पर भारी वाहन बंद रहेंगे और उन्हें लोनी तिराहे से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे होकर निकाला जाएगा। दुहाई से वाहन पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से डासना होते हुए डीएमई से मेरठ जाएंगे। ऑर्डिनेंस फैक्टरी से भारी वाहन कन्नौजा मार्ग से एनएच-9 होकर निकलेंगे। मोक्षधाम से कनावनी रेलवे लाइन के बीच आवाजाही बंद रहेगी।
विज्ञापन



सोसायटियों में भी होगा रावण के पुतलों का दहन
क्रॉसिंग की जीएच-7 सोसायटी में 35 फीट ऊंचा रावण शाम 7:30 बजे, सिद्धार्थ विहार की गंगा-यमुना-हिंडन सोसायटी में 30 फीट और राजनगर एक्सटेंशन की राम एम्पायर सोसायटी में 20 फीट ऊंचा रावण जलाया जाएगा। अन्य सोसायटियों में भी दहन की तैयारी है। सोमवार को बाजार में 500 से 2000 रुपये तक के रेडीमेड पुतलों की भी खूब मांग रही। कमला नेहरू नगर में पुतला खरीद रहे अमित ने बताया कि वह पार्क में बच्चों के साथ रावण दहन करेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें