गाजियाबाद। रैपिड रेल के 17 किमी लंबे प्राथमिकता खंड के स्टेशन तैयार होने में अभी डेढ़ माह का समय लगेगा। साहिबाबाद से दुहाई तक पहले खंड के कुल पांच में से दो स्टेशनों के प्रवेश-निकास द्वार अप्रैल माह तक तैयार हो सकेंगे। दुहाई डिपो और मेरठ रोड तिराहा (गाजियाबाद) स्टेशन का काम लक्ष्य से पीछे चल रहा है। स्टेशनों की फिनिशिंग और रूट सेफ्टी क्लीयरेंस को हरी झंडी मिलने में मई तक का समय लगने की संभावनाएं हैं।
नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (एनसीआरटीसी) की ओर से प्रथम खंड में सिग्नल के काम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं स्टेशनों पर प्लेटफार्म स्क्रीन डोर (पीएसडी) को लगाने का कार्य तेजी से जारी है। एनसीआरटीसी की ओर से कमिश्नर फॉर मेट्रो रेलवे सेफ्टी की निरीक्षण से पहले प्राथमिकता खंड पर हाईस्पीड ट्रायल रन में खुद हर बिंदु को जांचा जा रहा है। हर स्तर पर काम पूरा होने के बाद ही रूट सेफ्टी क्लीयरेंस की प्रक्रिया शुरू होगी।
दुहाई डिपो
एक प्रवेश-निकास द्वार का 65 फीसदी काम शेष
पहले खंड में दुहाई स्टेशन का काम सबसे पीछे है। यहां एक प्रवेश-निकास द्वार का काम अभी 65 फीसदी बचा है। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों की मानें तो इसमें कम से कम डेढ़ माह का समय लगेगा। स्टेशन पर प्लेटफार्म स्क्रीन डोर का काम जारी है। स्वचालित सीढि़यों और स्टेशन पर फिनिशिंग का का काम अभी अधूरा है।
मेरठ रोड तिराहा
पांच में से चार प्रवेश निकास द्वार नहीं तैयार
रैपिड रेल पहले खंड का मेरठ रोड रोड (गाजियाबाद) बड़ा स्टेशन है। यहां यात्रियों की सहूलियत के लिए पांच प्रवेश-निकास बनने हैं। ऐसे में पांच में से केवल एक प्रवेश-निकास द्वार का काम पूरा होने को है। तीन प्रवेश-निकास द्वार को फुटओवर ब्रिज (एफओबी) से जोड़ा जाना है। ऐसे में चौ. चरणसिंह पार्क, आर्यनगर और पटेलनगर की ओर होने वाले प्रवेश-निकास द्वार का एफओबी तैयार नहीं है। स्टेशन के अंदर स्वचालित सीढिय़ों और फिनिशिंग का काम जारी है।
गुलधर स्टेशन
एक प्रवेश द्वार नहीं बना, फिनिशिंग का काम तेज
गुलधर स्टेशन में फिनिशिंग का काम तेजी से चल रहा है। गुलधर स्टेशन में एक प्रवेश निकास द्वार बनकर तैयार है। वहीं मेरठ की ओर मार्ग पर दूसरे प्रवेश निकास द्वार को बनने में एक माह का वक्त लग सकता है।
दुहाई डिपो व साहिबाबाद:
दोनों स्टेशनों पर सिर्फ फिनिशिंग का काम बचा
पहले खंड के साहिबाबाद और दुहाई डिपो स्टेशन लगभग तैयार हैं। साहिबाबाद स्टेशन में वसुंधरा की ओर से आने जाने को बनाए गए फुटओवर ब्रिज का काम पूरा हो गया है। अब स्टेशन के अंदर बाहर फिनिशिंग के कार्य को तेजी से पूरा किया जा रहा है। वहीं इकलौता दुहाई डिपो स्टेशन लगभग तैयार हरे गया है। यहां प्लेटफार्म स्क्रीन डोर भी लग चुके हैं।
कोट
पहले खंड को जल्द शुरू करने के प्रयास
एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स का कहना है कि प्राथमिकता खंड जल्द शुरू करने के लिए अंतिम चरण के कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है। रैपिड रेल सिस्टम देश में बिल्कुल नया है। ऐसे हर बिंदु की बारीकी से जांच की जा रही है।