मूल्यांकन केंद्र पर काॅपी जांचते परीक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
गाजियाबाद। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन केंद्रों पर इन दिनों अलग ही नजारा देखने को मिल रहा है। पास होने की जुगत में छात्रों ने तरह-तरह के हथकंडे अपनाए हैं।
किसी ने राम नाम के सहारे बोर्ड परीक्षा पास करने की उम्मीद लगाई है तो किसी ने कॉपी में 500 रुपये का नोट ही रख दिया है। यही नहीं कई छात्रों ने तो कॉपी में अपनी दुखभरी कहानी तक बयां कर परीक्षक से गुहार लगाई है कि उसे पास कर दिया जाए।
पिछले चार दिन के मूल्यांकन कार्य के बाद बड़ी संख्या में ऐसी उत्तर पुस्तिकाएं मिली हैं, जिनमें परीक्षार्थियों ने नोट रखकर परीक्षकों से खुद को पास करने की अपील की है। हालांकि ऐसी उत्तर पुस्तिकाओं में प्रश्नों के उत्तर गायब हैं।
हाईस्कूल गणित की कॉपी में सबसे ज्यादा रुपये निकलने की बात सामने आई है। वहीं, कॉपियों से निकलने वाले पैसे से टीचर प्रतिदिन पार्टी कर रहे हैं। हालांकि कोई भी शिक्षक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रहा।
सूत्रों का कहना है कि अब तक मूल्यांकन में बड़ी संख्या में छात्र फेल होते दिखाई दे रहे हैं। गणित व विज्ञान की परीक्षाओं में छात्रों को बेहद कम नंबर मिल रहे हैं क्योंकि परीक्षार्थियों ने उत्तर पुस्तिकाओं में ज्यादा कुछ नहीं लिखा है।
परीक्षक मान रहे हैं कि प्रदेश में सरकार बदलने के बाद सख्ती हुई, जिसके चलते पूर्वी उत्तर प्रदेश के काफी केंद्रों पर नकल नहीं हो सकी। विज्ञान की कापी जांच रही एक शिक्षिका ने बताया कि एक कापी में दो पन्नों पर बच्चे ने राम-राम ही लिखा था। कुछ कापी में भजन और गीत भी लिखे हुए मिले हैं।