राजनगर एक्सटेंशन की बड़ी आबादी को जीडीए साइकिल ट्रैक और चकाचक सड़कों का तोहफा देगा। जीडीए 18.75 करोड़ की लागत से क्षेत्र की तीन मुख्य सड़कों के सुधार के साथ ही 45 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान रोड के दोनों किनारों पर साइकिल ट्रैक बनाएगा। जीडीए ने टेंडर जारी कर दिए हैं।
जीटी रोड पर हिंडन नदी पुल के बगल से शुरू होकर एनएच-58 तक राजनगर एक्सटेंशन की मास्टर प्लान रोड गुजरती है। रोड की लंबाई करीब आठ किलोमीटर है। इसी रोड के दोनों किनारों पर साइकिल ट्रैक का निर्माण प्रस्तावित है।
यानी यहां बनने वाला साइकिल ट्रैक 15 से 16 किलोमीटर लंबा होगा। क्षेत्र की 30 मीटर और 24 मीटर चौड़ी रोड का सुधार किया जाएगा। जीडीए चीफ इंजीनियर एसके द्विवेदी के मुताबिक राजनगर एक्सटेंशन की तीनों रोड के सुदृढ़ीकरण और साइकिल ट्रैक निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिए।
लखनऊ की तर्ज पर निर्माण
लखनऊ में एलडीए ने जनेश्वर मिश्र पार्क समेत कई स्थानों पर साइकिल ट्रैक बनाए हैं। यहां बने साइकिल ट्रैक में पार्किंग, लोगों के बैठने के स्थान समेत बुकिंग पर साइकिल लेने की सुविधाएं हैं। साथ ही साइकिल ट्रैक के पूरे रास्ते में ग्रीनरी विकसित की गई है। जीडीए अधिकारियों के मुताबिक लखनऊ की तर्ज पर शहर में साइकिल ट्रैक बनाए जाएंगे।