इंदिरापुरम। कोतवाली क्षेत्र में वेबसाइट से जीवनसाथी बने रेलवे अफसर पर पत्नी से बीमारी छिपाने और दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मुकदमा दर्ज हुआ है। महिला का आरोप है कि सास और ननद ने पति के इलाज में 20 लाख का खर्च नहीं देने पर उन्हें ससुराल से निकाल दिया। इससे पहले तीनों ने उन्हें बुरी तरह पीटा भी।
पीड़िता ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि डॉट कॉम वेबसाइट के जरिये उनकी जान-पहचान एक रेलवे अफसर से हुई थी। दोनों के परिवारों में बातचीत होने पर 24 अप्रैल 2021 को वसुंधरा के एक फार्म हाउस में शादी हुई थी लेकिन, शादी से पहले सास और ननद ने रिंग सेरेमनी और प्री वेडिंग के नाम व अलग-अलग तरह की रस्म बताकर उनके पिता से पांच लाख रुपये ऐंठ लिए। रिश्तेदार और परिवार की मिलाई के लिए करीब 18 हजार रुपये के लिफाफे भी वसूले गए। उनके पिता ने शादी में 50 लाख रुपये खर्च किए थे। मायके से विदा होने के बाद अगले दिन पति ने दहेज और घर-परिवार से मिले सभी आभूषण अपनी मां और बहन को जबरन दिला दिए। तीनों ने गहनों को लॉकर में रखने का हवाला दिया। उसके बाद कई कार्यक्रम के अवसर पर उन्होंने आभूषण मांगे तो बहानेबाजी कर गहने पहनने के लिए नहीं दिए। महिला ने बताया कि शादी के बाद पति की बीमारी का भी पता चला। डॉक्टरों से जांच कराने पर इलाज में 20 लाख खर्च बताया गया। जिसके बाद पति, सास और ननद ने उन्हें धमकी देकर इलाज का पूरा खर्च मायके से दिलाने का दबाव बनाया। इंदिरापुरम पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया है। एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।