साहिबाबाद। खोड़ा की युवती का धर्मांतरण कराने वाले मोहम्मद राहिल के संपर्क में दिल्ली-एनसीआर की करीब 19 युवतियां भी थीं। वह उन सभी से अलग-अलग समय पर चैट व ऑनलाइन वीडियो कॉल से बात करता था। पुलिस को उसके फोन से इन युवतियों की जानकारी मिली है। तीनों के फोन स्पेशल टीम को जांच के लिए भेजे हैं। पुलिस को चार मुस्लिम लोगों के नाम पता लगे हैं, जो इनके संपर्क में काफी लंबे समय से थे। इनके अलावा मुसीर व अब्दुल्ला के संपर्क में रहे पांच युवकों का भी पुलिस पता कर रही है। वहीं सुरक्षा एजेंसियां तीनों का आतंकी लिंक भी खंगाल रही हैं। तीनों लोग जिन जगहों से ज्यादा आते-जाते थे। पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर की ऐसी 15 लोकेशन भी सुरक्षा एजेंसियों को भेजी है।
टीम को राहिल के फोन से जिन 19 युवतियों के नंबर मिले हैं। उनमें से पुलिस ने रविवार को नोएडा की एक युवती से पूछताछ की। पुलिस ने धर्मांतरण, निकाह और राहिल के बारे में गहनता से कई सवाल पूछे। हालांकि, युवती ने ऐसी किसी भी बात से इनकार किया जैसा खोड़ा की युवती के साथ हो चुका है। बाकी 18 युवतियों के नाम के अलावा उनके घर का पता और लोकेशन पुलिस पता कर रही है। उनसे भी जल्द कई एंगल पर पूछताछ होगी।
पुलिस की एक टीम राहिल, मुसीर और अब्दुल्ला के बैंक अकाउंट की भी जांच कर रही है। पुलिस को शक है कि तीनों को विदेशी फंडिंग तो नहीं हो रही या फिर इनके पैसे के स्रोत क्या है। खोड़ा पुलिस की जांच में आया कि अब्दुल्ला और मुसीर की मुलाकात फरीदाबाद में हुई थी। उसने वहां कई महीने क्लीनिक खोला था तभी मस्जिद में आते-जाते उसकी मुलाकात हुई थी। इसके बाद से अब्दुल्ला ने ही मुसीर को राहिल से मिलाया। तीनों एक साथ आने के बाद युवतियों को बहला-फुसलाने लगे। उन्हें प्रेम जाल में फंसाकर धर्म में शामिल होने का प्रलोभन देते थे।
कंपनी में युवक-युवती और पदाधिकारियों से होगी पूछताछ:
खोड़ा पुलिस ने मामले की जानकारी नोएडा में कंपनी के पदाधिकारियों को भेजी है। रविवार को छुट्टी होने की वजह से पुलिस युवक-युवतियों को पूछताछ नहीं कर पाई। सोमवार को जांच टीम कंपनी जाकर तमाम लोगों से राहिल के बारे में जानकारी जुटाएगी। माना जा रहा है कि राहिल के फोन में जिन 19 युवतियों के नंबर मिले हैं उनमें से ज्यादातर युवतियां कंपनी में काम करती हैं। युवती के भाई ने पुलिस को इस बारे में अहम इनपुट भी दिए हैं।
संगठित तरीके से काम करते थे तीनों लोग, 60 नंबरों की चल रही जांच :
पुलिस का कहना है कि तीनों का आतंकी संगठन से लिंक है या नहीं। इसकी सुरक्षा एजेंसियां व पुलिस टीम अपने स्तर से जांच कर रही है। इस मामले में पुलिस टीमें एक-एक कदम काफी सोच समझकर रख रही है। पुलिस को मुसीर और अब्दुल्ला के फोन से 60 ऐसे नंबर मिले हैं जिनकी टीम जांच कर रही हैं। खुफिया टीम देवबंद और अन्य जगहों ने भी इनपुट ले रही है।
वेतन का 2.5 प्रतिशत देने और जमात में जाते थे तीनों लोग:
पुलिस जांच में आया कि तीनों लोग अपने संपर्क वाले लोगों को वेतन का ढाई प्रतिशत मदरसे में दान देने के लिए कहते थे। वह बैंक में पैसे जमा करने, शेयर मार्केट में निवेश या फिर किसी भी पैसे एकत्रित करने से मना करते थे। वह कंपनी से छुट्टी लेकर अलग-अलग जगह जमात में भी जाता था। हालांकि पुलिस उसकी जानकारी कर रही है। वह अपनी बातों में युवती से बाटला हाउस जाने का ज्यादा जिक्र करता था। उसके जमात में जाने की जगह संगठन के बड़े लोग तय करते थे। इतना ही नहीं, वह युवती को राजनैतिक पार्टी से लेकर मीडिया और सभी लोगों के खिलाफ भड़काता था।
डीसीपी ट्रांस हिंडन जोन विवेक चंद्र का कहना है कि राहिल, मुसीर और अब्दुल्ला के फोन की जांच हो रही हैं। उनमें युवतियों के अलावा कई लोगों के नंबर मिले हैं। उन सभी की जांच कर रहे हैं। नोएडा की युवती और उसके अभिभावकों से भी जानकारी ली गई। सुरक्षा एजेंसियों ने भी इनपुट मांगा है।