कोलीघाट (कोलकाता) में हत्या के आरोप में वांछित एक आरोपी को आरपीएफ ने नई दिल्ली के तिलक ब्रिज से गिरफ्तार किया है। कोलकाता पुलिस से सूचना मिलने पर आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने पूर्वा एक्सप्रेस को गाजियाबाद में रोकने का निर्देश दिया, लेकिन तब तक ट्रेन स्टेशन से जा चुकी थी।
पूर्वा एक्सप्रेस के तिलक ब्रिज पहुंचते ही हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।आरपीएफ के कमांडेंट शशी कुमार ने बताया कि कोलकाता पुलिस के डीसीपी साउथ ने फोन पर आरपीएफ को सूचना दी कि बीते रविवार को हावड़ा से चली पूर्वा एक्सप्रेस में हत्या के केस में वांछित दीपक सिंह यात्रा कर रहा है।
सूचना मिलते ही पूर्वा एक्सप्रेस को गाजियाबाद पहुंचते ही रोकने का निर्देश दिए गए, लेकिन उससे पहले ही ट्रेन स्टेशन छोड़ चुकी थी। इसके बाद ट्रेन जब तिलक ब्रिज पहुंची तो आरोपी दीपक सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद वीडियो कॉल करके आरोपी की पहचान कराई गई। कोलकाता पुलिस जल्द ही दिल्ली पहुंचकर आरोपी को गिरफ्त में लेगी।