अंकित तिवारी
गाजियाबाद। विकास से जुड़ी 200 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं अन्य विभागों की एनओसी के चलते अटकी हुई हैं। एनओसी नहीं मिलने से यातायात को बेहतर करने वाली योजनाओं का कार्य सभी तैयारियां होने के बाद भी शुरू नहीं हो पा रहा है। स्लिप रोड का कार्य शुरू होने के बाद थम गया है। इस संबंध में अब गाजियाबाद विकास प्राधिकरण विभागों से बात कर इस प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की तैयारी कर रहा है। प्राधिकरण के सचिव सुशील प्रताप सिंह ने बताया कि वन विभाग और सिंचाई विभाग के अधिकारियों से बात की गई है। साथ ही, इस मामले में जल्द एनओसी देने के लिए पत्राचार किया जाएगा, ताकि इस प्रक्रिया को जल्द पूरा करवाया जा सके।
बीच में अटका स्लिप रोड का कार्य
एलिवेटेड रोड पर वसुंधरा और इंदिरापुरम की तरफ बनने वाली स्लिप रोड का कार्य सिंचाई विभाग की एनओसी नहीं मिलने के कारण फंसा हुआ है। इसमें प्राधिकरण ने एक पिलर तैयार भी कर दिया है। इसकी टेस्ट रिपोर्ट अगले सप्ताह मिल जाएगी। हालांकि, सिंचाई विभाग के पास करीब डेढ़ महीने से कनावनी के पास नहर में बनने वाले तीन पिलर की एनओसी अटकी हुई है। जब तक यह एनओसी नहीं मिलेगी, प्राधिकरण स्लिप रोड का कार्य शुरू नहीं कर सकेगा। इस योजना पर करीब 80 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। इससे वसुंधरा, इंदिरापुरम और वैशाली के लोगों को दिल्ली आने-जाने में आसानी होगी और उनके सफर में करीब 30 मिनट बचेंगे।
डेडलाइन पर शुरू नहीं हो सका हापुड़ चुंगी का कार्य
हापुड़ चुंगी पर एएलटी सेंटर से कविनगर थाने की तरफ चार लेन का फ्लाईओवर बनाया जाना है। करीब 120 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस फ्लाईओवर के निर्माण के लिए कंपनी तय होने के साथ मिट्टी की जांच का कार्य भी पूरा हो चुका है। साथ ही, जीडीए ने यहां से 300 पेड़ों को काटने के बजाय स्थानांतरित करने की भी योजना बना ली है। इसके बाद भी वन विभाग ने एक महीने से अधिक का समय बीतने के बाद भी एनओसी नहीं दी है। प्राधिकरण की योजना मुख्यमंत्री के शिलान्यास के बाद नवंबर में इसका कार्य शुरू करने की थी, लेकिन अब एनओसी नहीं मिलने से यह कार्य तय डेडलाइन पर शुरू नहीं हो सका है।
सिंचाई विभाग के पीछे हटने से बंधा रोड निर्माण में हो रही देरी
राजनगर एक्सटेंशन में सिटी फॉरेस्ट से गंगनहर रोड तक बनने वाली बंधा रोड का निर्माण सिंचाई विभाग के पीछे हटने से फंस गया था। करीब 600 करोड़ रुपये की योजना में सिंचाई विभाग ने डीपीआर तैयार करने के बाद कार्य करने से मना कर दिया था। अब इस मामले में डीपीआर तैयार करने के लिए जीडीए ने निजी कंपनी को नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू की है।