साहिबाबाद। नगर निकाय चुनाव में वार्ड-64 की एमआईएमआईएम प्रत्याशी तब्बसुम जहां की जीत के बाद देर शाम निकले विजयी जुलूस पर टीला मोड़ थाने में 204 लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। हिंदू रक्षा दल के अन्नू चौधरी का आरोप है कि जुलूस में युवतियों से बदतमीजी की गई। पुलिस ने चार नामजद समेत 204 लोगों की पहचान शुरू कर दी है। विजयी जुलूस का वीडियो ट्विटर पर भी वायरल हुआ है।
शनिवार शाम निकाय चुनाव में निर्वाचित हुईं पार्षद तब्बसुम जहां के समर्थकों ने प्रशासन की अपील के बावजूद विजयी जुलूस निकालकर नियमों की खुलकर धज्जियां उड़ाईं। जुलूस का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। वीडियो की पहचान करके अधिकारियों ने टीला मोड़ थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। सिकंदरपुर चौकी के उपनिरीक्षक मौके पर पहुंचे और वीडियो के आधार पर परवेज चौधरी, आर्यन चौधरी, शाहरुख व शाहरुख सैफी की पहचान की। एसीपी साहिबाबाद भास्कर वर्मा का कहना है कि वीडियो से अन्य लोगों की भी पहचान कर रहे हैं। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।