गाजियाबाद। कार खरीदने और बेचने का काम करने वाले कारोबारी से 20 लाख की रंगदारी मांगने के मामले में डासना जेल में बंद संपूर्णानंद उर्फ काले अनेजा की बुधवार सुबह संयुक्त जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। जेल प्रशासन के मुताबिक, संपूर्णानंद की उल्टी-दस्त के बाद तबीयत बिगड़ी थी।
एसीपी नंदग्राम रवि कुमार सिंह ने बताया कि संपूर्णानंद को 22 सितंबर 2022 को गिरफ्तार किया गया था। उस पर कारोबारी से 20 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप था। इससे पहले भी उसके खिलाफ मारपीट और रंगदारी का मुकदमा दर्ज था। जेल प्रशासन ने बताया कि उल्टी-दस्त के बाद संपूर्णानंद को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बीच में उसकी तबीयत में सुधार भी हुआ लेकिन दोबारा से उसकी तबीयत बिगड़ गई। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा। भाजपा के कई बड़े नेताओं के साथ संपूर्णानंद के फोटो वायरल होने के बाद यह मामला सुर्खियों में रहा था।