गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में कुत्ते को जमीन पर पटक कर मारने का विरोध करने पर दबंगों ने महिला के सिर पर ईंट मारकर घायल कर दिया। साथ ही दबंगों ने महिला के साथ अभद्रता करते हुए उनके कपड़े भी फाड़ दिए। मामले में महिला ने आरोपी प्रदीप उसके पिता लोकनाथ व मां लाजवंती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
महिला ने बताया कि उनका पालतू कुत्ता गली में टहल रहा था। तभी कुत्ते के जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज आई। वह बाहर गईं तो देखा कि पड़ोसी प्रदीप कुत्ते को पीट रहा था। उसने कुत्ते को कई बार जमीन पर पटका, जिससे उसकी ही मौत हो गई। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो प्रदीप ने उनके सिर में ईंट से वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसी बीच प्रदीप के पिता व मां भी आ गई। तीनों ने मिलकर उनके कपड़े फाड़ दिए। गंभीर हालत में उनको पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उनको लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। वहां करीब 20 दिन उनका उपचार चला। एसीपी पूनम मिश्रा ने बताया कि साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।