गाजियाबाद। प्रदेश का मॉडल स्कूल कंपोजिट विद्यालय बसंतपुर सैंथली की बदहाली की खबर प्रमुखता से छपने के बाद बृहस्पतिवार को स्कूल की प्रधानाध्यापिका सीमा सिंह और योगिता बाली को स्कूल से हटाकर दो अलग-अलग विद्यालयों में अस्थायी रूप से संबद्ध कर दिया गया है। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने टीम बनाकर छात्र-छात्राओं की कम होती संख्या, कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास संचालित न होने की वजह पता करने के लिए सीडीओ को निर्देश दिए हैं।
बीएसए ओपी यादव ने बताया कि दो खंड शिक्षा अधिकारी की जांच टीम बनाई गई थी, जिनकी प्रारंभिक जांच के आधार पर अस्थायी कार्रवाई करते हुए स्कूल की प्रधानाध्यापिका सीमा सिंह को विहंग प्राथमिक विद्यालय में और शिक्षिका योगिता बाली को उच्च प्राथमिक विद्यालय कुम्हैड़ा संबद्ध किया गया है। बृहस्पतिवार को जांच के लिए बीएसए और पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्राथमिक विद्यालय पहुंचे और स्कूल की हालत देखी और गांव वालों से भी जानकारी ली गई। बीएसए ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
स्कूल में शिक्षिकाओं की गुटबाजी की बात सामने आई है। अस्थायी रूप से समाधान निकालने के लिए फिलहाल दोनों शिक्षिकाओं को अन्य स्कूल में संबद्ध किया गया है। जांच के लिए टीम गठित कर ली गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - राकेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी