गाजियाबाद। देश के पहले रैपिड रेल कॉरिडोर का साहिबाबाद से दुहाई तक निर्माण पूरा होने के बाद अब ट्रायल प्रक्रिया भी लगभग पूरी हो गई है। बीते कई दिन से ठीक उसी तरह से रैपिड रेल का ट्रायल किया जा रहा है, जैसे संचालन के बाद किया जाना है। आम लोगों को इस रैपिड रेल में सफर करने का मौका जून में मिल जाएगा। जून माह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस रैपिड रेल को हरी झंडी दिखाने गाजियाबाद आ सकते हैं।
केंद्र सरकार के नौ साल पूरे होने पर जून माह में भाजपा हर लोकसभा क्षेत्र में जनसभाएं करेगी। ऐसे में प्रबल संभावना है कि पश्चिम क्षेत्र में प्रधानमंत्री की जनसभा गाजियाबाद में हो सकती है और इसी दौरान साहिबाबाद से दुहाई तक रैपिड रेल के 17 किलोमीटर लंबे प्राथमिकता वाले खंड का उद्घाटन भी हो सकता है। भाजपा के पश्चिम क्षेत्र के अध्यक्ष सतेंद्र शिशौदिया का कहना है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की संभावना बन सकती है, हालांकि अभी इस पर केंद्रीय संगठन से कोई निर्देश नहीं मिले हैं। निर्देश मिलने पर तत्काल तैयारी कर ली जाएगी।
मुख्य सचिव कर चुके कॉरिडोर का निरीक्षण
नगर निकाय चुनाव से पूर्व प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा गाजियाबाद आकर रैपिड रेल कॉरिडोर का निरीक्षण कर चुके हैं। उन्होंने इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश भी दिए थे।
सेफ्टी सर्टिफिकेट दिए जाने के लिए शुरू हुआ निरीक्षण
साहिबाबाद से दुहाई तक रैपिड रेल का संचालन शुरू करने से पहले एनसीआरटीसी की ओर से सेफ्टी सर्टिफिकेट के लिए आवेदन किया गया था। उनके आवेदन पर रेलवे के सेफ्टी डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने निरीक्षण की प्रक्रिया शुरू क दी है। एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स का कहना है कि जल्द ही सेफ्टी सर्टिफिकेट मिल जाएगा। उनका कहना है कि इस 17 किलोमीटर लंबे खंड में पांच स्टेशन हैं। इनमें से चार स्टेशन पूरी तरह तैयार हो चुके हैं। नए बस अड्डे के पास बने मुख्य स्टेशन पर प्रवेश व निकास के लिए रास्ता बनाने का काम अंतिम चरण में हैं।