मोदीनगर। निवाड़ी थानांतर्गत सिखैड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित रुई से धागा बनाने वाली फैक्टरी एसके कोटेक्स में बुधवार देर शाम भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में रौद्र रूप धारण कर लिया। आसमान छूती लपटे देखकर भगदड़ मच गई। चारों तरफ धुएं का गुब्बार छा गया। उद्यमियों और श्रमिकों ने आग बुझाने का प्रयास किया, मगर आग और विकराल होती गई। मौके पर पहुंची मोदीनगर फायर ब्रिगेड ने आग काबू करने का प्रयास किया। आग को बेकाबू होता देख जनपद से फायरब्रिगेड की चार अन्य गाड़ियां बुलाई गईं। इसके बाद छह गाड़ियों की मदद से 32 दमकल कर्मियों ने चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
नगर की गोविंदपुरी कॉलोनी निवासी सुरेंद्र कुमार शर्मा कारोबारी हैं। सिखैड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक किराये की बिल्डिंग में उन्होंने एसके कोटेक्स के नाम से रुई से धागा बनाने की फैक्टरी लगाई है। फैक्टरी में करीब 15 से अधिक श्रमिक काम करते हैं। बताया कि बुधवार शाम करीब 5:30 बजे फैक्टरी में अचानक आग लग गई। ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण कुछ ही देर में आग विकराल हो गई और एक-एक कर पूरी फैक्टरी आग की चपेट में आ गई। कच्चा माल तथा रुई और धागा सहित सभी सामान जलने लगा। आसपास के क्षेत्र में आग के कारण घूटन होनी लगी। चारों तरफ भगदड़ मच गई। श्रमिक जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागे। आग से बिल्डिंग में दरार आ गई तथा छत क्षतिग्रस्त हो गई। छत टूटकर नीचे गिरने लगी। आग का भयानक रूप देखकर आसपास की फैक्टरी खाली कर ली गई। मौके पर पहुंचे आईआईए के पदाधिकारी मुकेश गुप्ता आदि ने श्रमिकों के साथ मिलकर भारत ऑयल मिल के फायर सिस्टम से आग नियंत्रित करने का प्रयास किया। मगर आग के रौद्र रूप के सामने श्रमिकों की हिम्मत टूट गई। मोदीनगर, कोतवाली तथा वैशाली फायर स्टेशन से दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंची। सीएफओ राहुल पाल तथा एफएसओ अमित चौधरी के नेतृत्व में 32 फायरकर्मी आग बुझाने में जुटे गए। करीब चार घंटे के कठिन प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि समय रहते श्रमिक फैक्टरी से बाहर आग गए। वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
करोड़ों के नुकसान की आशंका, फैक्टरी में नहीं थे अग्निशमन यंत्र
फायर विभाग के अनुसार फैक्टरी में ज्वलनशील पदार्थ अधिक मात्रा में प्रयोग होता है। मगर उसके बावजूद वहां पर अग्निशमन का कोई प्रबंध नहीं था। विभाग की ओर से इसकी रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों भेजी जाएगी। एफएसओ अमित चौधरी ने बताया कि अभियान चलाकर मानक पूरे नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रथम दृष्टया कंप्रेशर के मोटर में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगने की बात सामने आई है। आग से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। आग के कारण कोई जनहानि नहीं हुई है।
राहुल पाल,सीएफओ गाजियाबाद