शहर में पहली बार भूकंपरोधी इमारतों की योजना के बाद अब सिद्धार्थ विहार इलेक्ट्रानिक सर्विलांस से लैस पहली आवासीय योजना बनने जा रही है। आवास एवं विकास परिषद कालोनी को पेरिस की तर्ज पर इलेक्ट्रानिक सर्विलांस से लैस करेगा। इसके तहत कालोनी में सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा अलार्म और सिक्योरिटी गेट लगाए जाएंगे।
भूकंपरोधी शियरवॉल तकनीक से बनाई जा रही सिद्धार्थ विहार योजना में गंगा, यमुना और हिंडन एनक्लेव की बहुमंजिला इमारतों की सुरक्षा भी पेरिस की तकनीक से लैस होगी। अधिकारियों का कहना है कि भूकंपरोधी आरसीसी शियरवॉल तकनीक से बनाई जा रही गाजियाबाद की इस पहली आवासीय योजना की सुरक्षा पूरी तरह से हाईटेक होगी।
हर सड़क के दोनों एंट्री पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही सभी सड़कों पर सुरक्षा गेट भी लगेंगे। सिद्धार्थ विहार योजना के चारों ओर ऊंची बाउंड्री रहेगी। वाहन सिर्फ तीन मुख्य गेट से ही बाहर निकल सकेंगे। कोई भी आपराधिक वारदात होने के बाद पुलिस बदमाशों को कालोनी परिसर के अंदर ही दबोच लेगी।
आवास आयुक्त आरपी सिंह ने बताया कि किसी भी कालोनी को बसाने के दौरान भविष्य की योजनाओं पर भी काम किया जाता है, जिसके अंतर्गत सिद्धार्थ विहार के लिए यह योजना तैयार की गई है।
घटना हुई नहीं कि पुलिस चौकी पहुंचेगी सूचना
सिद्धार्थ विहार योजना में हर चौराहे पर एक सुरक्षा अलार्म स्विच लगाने की भी तैयारी की जा रही है। कोई भी आपराधिक घटना होने पर इस बटन को दबाते ही आसपास की पुलिस चौकी को तुरंत घटना की सूचना मिल जाएगी।
साथ ही एक अलार्म बज जाएगा, जिससे आसपास के लोग भी सतर्क हो जाएंगे। व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ भूकंप और आग जैसी आपदा की स्थितियों में भी मिलेगा। सुरक्षा अलार्म से लोगों को तुरंत किसी भी घटना-दुर्घटना की सूचना दी जा सकेगी।