गाजियाबाद। मोरटी में बनने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की रूपरेखा तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने स्टेडियम के व्यापक डिजाइन के लिए कंसल्टेंसी फर्म के चयन के लिए आरएफपी (रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल) जारी कर दी है। इसके बाद स्टेडियम के डिजाइन पर काम शुरू होगा।
विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने बताया कि एक महीने के भीतर कंसल्टेंसी फर्म का चयन कर लिया जाएगा, इसके बाद डिजाइन तैयार करने का कार्य शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में सभी अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बेहतर कनेक्टिविटी के लिए आउटर रिंग रोड का टेंडर भी जारी किया जा चुका है। इसके अलावा बंधा रोड के निर्माण पर भी जल्द कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे स्टेडियम तक लोगों की पहुंच आसान होगी।
स्टेडियम तक चलेंगी फीडर बसें
उपाध्यक्ष ने बताया कि दर्शकों को स्टेडियम तक लाने और वापस ले जाने के लिए फीडर बसों की व्यवस्था की जाएगी। बसों की संख्या सर्वे के आधार पर तय होगी। जानकारी के अनुसार, इन बसों का संचालन मेट्रो और नमो भारत के कुछ स्टेशनों से किया जा सकता है। स्टेडियम में करीब 2,500 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था होगी। आसपास जाम की स्थिति न बने, इसे ध्यान में रखते हुए सड़क नेटवर्क और प्रवेश-निकास मार्ग विकसित किए जाएंगे। साथ ही यातायात प्रबंधन के लिए भी अलग से व्यवस्था की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, हजारों दर्शकों की आवाजाही को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा स्टेडियम
जानकारी के अनुसार, मोरटी में 33 एकड़ क्षेत्र में बनने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण पर करीब 450 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें लगभग 40 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। स्टेडियम का निर्माण पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर किया जाएगा। इसके लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण और यूपीसीए 50-50 प्रतिशत की भागीदारी में कार्य करेंगे। स्टेडियम के लिए भूमि खरीदी जा चुकी है। इसमें आधी जमीन प्राधिकरण के नाम हस्तांतरित की जाएगी। स्टेडियम की फाइल बोर्ड बैठक के बाद शासन की मंजूरी के लिए भेजी जा चुकी है। मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। अधिकारियों का दावा है कि निर्माण कार्य 2026 के अंत तक शुरू होगा और 2029 तक स्टेडियम तैयार हो जाएगा।