साहिबाबाद। छठ महापर्व को लेकर शहर की सोसायटियों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कहीं कृत्रिम तालाब तैयार किए जा रहे हैं तो कहीं स्विमिंग पूल की सफाई कर उन्हें सजाया जा रहा है। इंदिरापुरम की शिप्रा रिवेरा, शिप्रा सन सिटी, वसुंधरा और वैशाली समेत विभिन्न सोसायटियों में छठ पूजा के आयोजन को लेकर समितियां व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटी हैं। घाटों पर साफ-सफाई, पानी, प्रकाश, सुरक्षा और बैठने की व्यवस्था की जा रही है।
वार्ड-100 के पार्षद संजय सिंह ने बताया कि इस बार छठ पूजा के लिए हरिद्वार से 50 लीटर गंगाजल मंगवाया है। वार्ड की तीन सोसायटियों शिप्रा सोसायटी फेज-1, साया गोल्ड और विंडसर नोवा में छठ पूजा का आयोजन होगा। इन सोसायटियों के स्विमिंग पूल में गंगाजल मिलाया जाएगा। स्विमिंग पूल की सफाई कराई जा चुकी है। पूजा के लिए स्वीमिंग पूल को गुलाब के फूलों से सजाया जाएगा।
वहीं, वसुंधरा स्थित आकाश गंगा सोसायटी में छठ व्रतियों की संख्या को देखते हुए इस बार तीसरा कृत्रिम तालाब तैयार किया जा रहा है। सोसायटी के अध्यक्ष कमलेश भट्ट ने बताया कि यहां 20 वर्षों से छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस बार सभी निवासियों के सहयोग से मंदिर वाले पार्क में अस्थायी छठ पूजा घाट तैयार कराया गया है, इससे व्रतियों को भगवान सूर्य को अर्घ्य देने और पूजा-अर्चना करने में सुविधा हो सके।
उधर, वसुंधरा स्थित केएसएन स्क्वायर सोसायटी में भी छठ पूजा की विशेष तैयारियां की जा रही हैं। आरडब्ल्यूए के ज्वाइंट सेक्रेटरी और छठ समिति के सचिव चंद्रशेखर झा ने बताया कि प्लास्टिक से बने स्विमिंग पूल का इस्तेमाल किया जाता है। सामूहिक रूप से यहां खरना का प्रसाद तैयार कर सभी निवासियों में वितरित किया जाता है। शाम के अर्घ्य वाले दिन लिट्टी-चोखा का आयोजन भी रखा गया है। इसमें सोसायटी के निवासी एक साथ शामिल होकर बिहार की संस्कृति और पारंपरिक खानपान का आनंद लेते हैं।