साहिबाबाद। आगामी आठ अक्तूबर को मनाए जाने वाले एयरफोर्स डे को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। एयरफोर्स डे की फुल ड्रेस रिहर्सल सोमवार को हिंडन बेस में की जाएगी। मुख्य समारोह से पहले शहर की सड़कों से लेकर डिवाइडरों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का काम तेजी से किया जा रहा है। निगम अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि करीब एक माह पहले से व्यवस्थाओं को संभालने का काम शुरू करा दिया है। रंगाई से लेकर मरम्मत और सौंदर्यीकरण तक हर काम को अब केवल अंतिम रूप दिया जा रहा है।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि मुख्य समारोह से पहले शहर की सड़कों से लेकर डिवाइडरों और सार्वजनिक स्थलों की साफ- सफाई और सौंदर्यीकरण का काम करा दिया गया है। ग्रीन बेल्ट पर भी सफाई का काम जारी है। कार्यक्रम पथ पर करीब 150 से अधिक पौधे लगाने का काम भी चल रहा है। निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एनके चौधरी ने बताया कि सड़कों के गड्ढे भरने के काम लगभग पूरा हो चुका है। एयरफोर्स वायु चौक से लेकर एलिवेटेड रोड तक पूरे मार्ग को दुरुस्त कर दिया गया है। सड़कों के किनारे लगाए गए झंडे, पौधे और रंग-बिरंगी लाइट से शहर का नजारा देशभक्ति से भर गया है।
130 सिविल डिफेंस कर्मी मार्ग पर रखेंगे व्यवस्था का ध्यान
वायुसेना हिंडन बेस की ओर से वायुसेना दिवस परेड के अवसर पर यातायात व्यवस्था नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नागरिक सुरक्षा वार्डेनों की ड्यूटी लगाई गई है। लगभग 130 वार्डेन अलग-अलग ड्यूटी स्थलों पर तैनात रहेंगे, जिनमें एयरफोर्स वायु चौक मेन गेट, एयरफोर्स हॉस्पिटल गेट नंबर दो और अन्य प्रमुख स्थान शामिल हैं। ये वार्डेन छह अक्तूबर को फूल ड्रेस रिहर्सल और आठ अक्तूबर को एयरफोर्स डे के अवसर पर अपनी सेवाएं देंगे। चीफ वार्डन ललित जायसवाल और डिप्टी कंट्रोलर नीरज चक के नेतृत्व में वार्डेन अपनी ड्यूटी का निर्वहन करेंगे।
फुल ड्रेस रिहर्सल में जजबा दिखाएंगे वायु सैनिक
भारतीय वायुसेना के स्थापना दिवस समारोह से पहले सोमवार को फुल ड्रेस रिहर्सल होगी। आज से तीन दिन तक एयरपोर्ट से कई उड़ानें भी रद्द रहेंगी। आठ अक्तूबर को मुख्य परेड होगी। इसमें एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह परेड की सलामी लेंगे। वहीं चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, थलसेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी व नौसेना प्रमुख दिनेश कुमार त्रिपाठी समेत कई वीआईपी भी मौजूद रहेंगे। वहीं कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पहुंचने के भी कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इस वजह से छह से आठ अक्तूबर तक सुबह 8:30 बजे से 11:30 बजे तक एयर स्पेस हिंडन सिविल टर्मिनल के लिए बंद रहेगा। ऐसे में पांच शहरों की उड़ान रद्द की गई हैं।