अक्तूबर 2023 में प्रधानमंत्री ने दिखाई थी हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 अक्तूबर 2023 को साहिबाबाद से दुहाई के बीच नमो भारत ट्रेन के संचालन को हरी झंडी दिखाई थी। इसके बाद पांच जनवरी 2025 को प्रधानमंत्री ने दिल्ली–गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के 13 किलोमीटर अतिरिक्त खंड का उद्घाटन किया। इसके साथ ही नमो भारत कॉरिडोर न्यू अशोक नगर तक विस्तारित हो गया।
26 महीने में 3.5 करोड़ से अधिक यात्रियों ने किया सफर
सीपीआरओ का कहना है कि रोजाना 50-60 हजार यात्री नमो भारत ट्रेन से सफर कर रहे हैं। कांवड़ के दिनों में एक दिन में 81 हजार से अधिक यात्री ट्रेन से सफर कर चुके हैं। इस वर्ष पांच जनवरी से 28 दिसंबर तक 1.80 करोड़ लोगों ने सफर किया। वहीं, पिछले 26 महीने में साढ़े तीन करोड़ से अधिक ने यात्रा की है।
इंटीग्रेटेड टिकटिंग सिस्टम ने सफर किया आसान
सीपीआरओ ने बताया कि दिल्ली मेट्रो के साथ इंटीग्रेटेड टिकटिंग सिस्टम से यात्रियों को सहज यात्रा का अनुभव मिल रहा है। यात्री नमो भारत और दिल्ली मेट्रो, दोनों में से किसी भी परिवहन सेवा के मोबाइल एप से दोनों की टिकट बुक कर सकते हैं। नमो भारत कनेक्ट एप के कुल यूजर्स की संख्या 7.5 लाख पहुंच गई है।
कुछ और रूटों को भी मंजूरी की उम्मीद
सीपीआरओ ने बताया कि वर्ष 2026 में नमो भारत के लिए दिल्ली-पानीपत-करनाल और दिल्ली-गुरुग्राम-बावल कॉरिडोर को मंजूरी मिलने की उम्मीद है। गाजियाबाद-जेवर और गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा कॉरिडोर के लिए भी मंथन चल रहा है। कई अन्य राज्यों ने भी इस तरह की क्षेत्रीय रेल प्रणालियों को अपनाने में रुचि दिखाई है। इसको लेकर एनसीआरटीसी राज्य सरकारों से बातचीत कर रहा है।