माई सिटी रिपोर्टर गाजियाबाद। सीसीएसयू ने विवि कैंपस और संबद्ध डिग्री कॉलेजों के लिए कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन में जरूरी गाइडलाइन जारी की है। शासन के निर्देश पर विवि ने सभी कॉलेजों के शिक्षकों, शोधार्थियाें और कर्मचारियों को 14 अप्रैल तक वर्क ऑफ होम के जरिए घरों से ही जरूरी कार्यों को निपटाने के निर्देश दिए हैं। दूसरी ओर विवि कैंपस व डिग्री कॉलेजों को लॉकडाउन में आगामी सत्र और सेमेस्टर का लेसन प्लान और शिक्षण सामग्री तैयार करनी होगी। परीक्षाओं और मूल्यांकन कार्य को पूरी तरह से स्थगित रखा गया है। विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों मे शोधार्थी अपने शोध कार्य को घर से ही जारी रख सकेंगे। अर्टिकल, पत्र आदि लिखने, प्रश्न कोष के प्रश्नों को तैयार करना ओर एक भारत श्रेष्ठ भारत के बाबत प्रोजेक्ट को तैयार करने का क्रम घर से ही जारी रहेगा। दूसरी ओर विवि ने शिक्षकों को ऑनलाइन तकनीक का उपयोग करते हुए घर से ही पाठ्य सामग्री और वीडियो को विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। विवि ने कॉलेजों व शिक्षको को मानव संसाधन विकास मंत्रालय, यूजीसी सहित अन्य संशाधनों का इस्तेमाल करने का सुझाव दिया है। इसके लिए विवि ने वेबसाइट में सर्कुलर के साथ स्वयं ऑनलाइन कोर्स, यूजी-पीजी मूक्स, ई-पीजी पाठशाला, स्वयंप्रभा, नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी सहित कई अन्य माध्यमों के वेबसाइट लिंक उपलब्ध कराए हैं। विवि के कुलसचिव की ओर से जारी आदेश में साफ कहा गया है कि फैकल्टी के सदस्यों, शिक्षकों, शोधार्थियों और कर्मचारियों के साथ संविदा शिक्षकों की 14 अप्रैल तक अविध सेवावधि के रूम में गणना की जाएगी। छात्रावासाें में रहने वाले विद्यार्थियों को विशेष सुरक्षा उपायों का पालन करने की सलाह दी गई है।