गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन और आसपास की प्रमुख सोसायटियों समेत कई औद्योगिक क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को चार घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। 33/11 केवी मोरटा उपकेंद्र पर लगे 10 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर में हो रहे तेल के रिसाव को रोकने के लिए सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक शटडाउन लिया गया है।
विद्युत नगरीय वितरण खंड (तकनीकी) ट्रांस हिंडन के अधिशासी अभियंता विकास भटनागर ने बताया कि उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति देने के उद्देश्य से यह मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। शटडाउन के चलते ग्राम मोरटा, दुहाई, मैनापुर और रसूलपुर औद्योगिक क्षेत्र के साथ ही मिडाज विस्टा, निलय ग्रीन्स, दीया ग्रीन, आनंदम विला और मोती रेजीडेंसी समेत संबंधित इलाकों में बिजली गुल रहेगी। बिजली कटौती के कारण सुबह के समय लोगों को पेयजल संकट और औद्योगिक इकाइयों में कामकाज प्रभावित होने की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में विभाग ने सभी उपभोक्ताओं और उद्यमियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए पहले से ही पानी व पावर बैकअप की वैकल्पिक व्यवस्था कर लें और मरम्मत कार्य में सहयोग दें। आपूर्ति को निर्धारित अवधि में पूर्ण कराया जाएगा।