साहिबाबाद। टीएचए में शनिवार रात को तकनीकी खराबी और फॉल्ट के कारण कई इलाकों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। टीला मोड़ स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में 33 केवी लाइन फेल होने और जंपर फुंकने से रात करीब 11 बजे से सुबह 4 बजे तक बिजली गुल रही। वहीं कोयल एन्क्लेव और विक्रम एन्क्लेव सबस्टेशन से जुड़े गगन विहार, डीएलएफ-1, विक्रम एन्क्लेव-1 और शहीद नगर फीडरों में भी फॉल्ट आने से आपूर्ति प्रभावित रही।
इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में करीब 15 हजार की आबादी को भीषण गर्मी में बिना बिजली के रात बितानी पड़ी। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से लो वोल्टेज, हाई वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है। गौरव रावत ने बताया कि बिजली की अनियमित आपूर्ति से एसी, कूलर और पंखे तक ठीक से नहीं चल पा रहे हैं। वहीं महेंद्र पाल ने बताया कि शुक्रवार रात को भी चार से पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही थी।
उधर, कोयल एन्क्लेव सबस्टेशन के 11 केवी गगन विहार फीडर पर एबी केबल की मरम्मत के लिए करीब 30 मिनट का शटडाउन लिया गया। जबकि विक्रम एन्क्लेव सबस्टेशन के डीएलएफ-1, विक्रम एन्क्लेव-1 और शहीद नगर फीडर ब्रेकडाउन के कारण बंद रहे। बिजली विभाग की टीम ने फॉल्ट की पेट्रोलिंग और मरम्मत कार्य किया, जिसके बाद रात करीब 2:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
वर्जन
उपखंड अधिकारी बृजमोहन दुबे ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं, ताकि उपभोक्ताओं को बार-बार होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।