गाजियाबाद। 24 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा करने वाला ऊर्जा निगम इस समय अपने ही दावों पर खरा नहीं उतर पा रहा है। शहर के कई इलाकों में लगातार ट्रिपिंग ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है। हर घंटे पांच से सात मिनट के लिए बिजली गुल होने की वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे खराब स्थिति जोन दो और तीन में है।
शहर के पटेल नगर, कैलाभट्ठा, नंदग्राम, साहिबाबाद, मोहननगर, इंदिरापुरम समेत कई इलाकों में फॉल्ट के नाम पर कई-कई घंटे बिजली गुल हो जा रही है। लोगों का आरोप है कि इसको लेकर शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ऊर्जा निगम के अधिकारियों को फोन मिलाने पर वह फोन भी नहीं उठा रहे हैं। कैलाभट्ठा निवासी राकेश कुमार का कहना है कि बिजली तो आ रही है, लेकिन वोल्टेज इतना कम है कि पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बिजली की समस्या को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है। इस संदर्भ में जोन एक के मुख्य अभियंता पवन अग्रवाल ने बताया कि उपकरणों में खराबी आने पर ही शटडाउन लिया जाता है। इसके अलावा किसी प्रकार की कोई बिजली कटौती नहीं हो रही है।