साहिबाबाद। टीएचए के कई इलाकों में बिजली कटौती के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इंदिरापुरम, राजेंद्र नगर, इंद्रप्रस्थ, खोड़ा और भोपुरा समेत कई क्षेत्रों में शुक्रवार को अलग-अलग समय पर करीब तीन घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली जाने और लंबे समय तक आपूर्ति बहाल नहीं होने से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ ही दुकानदारों और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों पर भी असर पड़ा।
वहीं, ऊर्जा निगम की तरफ से भी विभिन्न क्षेत्रों में 33 केवी लाइनों, ट्रांसफॉर्मर टर्मिनल, इंसुलेटर और अन्य विद्युत उपकरणों के रखरखाव का काम किया जा रहा है। खोड़ा के प्रताप विहार, इंद्रा विहार समेत कई इलाकों में इसके चलते सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रखी गई। मेंटेनेंस कार्य के दौरान कई इलाकों के उपभोक्ताओं को गर्मी और दैनिक कामकाज के बीच परेशानी उठानी पड़ी।
वहीं, इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक दो घंटे बिजली ट्रिपिंग का सिलसिला रहा। करीब 10-12 बार बिजली का आना जाना लगा रहा। राजेंद्र नगर के कई इलाकों में भी बृहस्पतिवार रात और शुक्रवार दिन में करीब तान घंटे बिजली गुल रही। वहीं ऊर्जा निगम जोन तीन के मुख्य अभियंता बृजेश कुमार ने बताया कि मेंटेनेंस कार्य के चलते आपूर्ति कुछ समय के लिए बाधित रही थी। मरम्मत कार्य करके आपूर्ति सामान्य कर दी जाती है।