इंदिरापुरम। वार्ड-79 स्थित अभयखंड सामुदायिक केंद्र की बिजली आपूर्ति कटने से इसके संचालन और बुकिंग की प्रक्रिया प्रभावित हो गई है। पार्षद हरीश कड़ाकोटी ने बताया कि हाल ही में यह सामुदायिक केंद्र गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) से नगर निगम को हस्तांतरित हुआ है। उन्होंने दो वर्षों में जीडीए, नगर निगम और मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर भवन को आम जनता के लिए कम किराये पर उपलब्ध कराने की मांग की थी। 12 जून 2026 की नगर निगम बोर्ड बैठक में सामुदायिक केंद्र के किराये का प्रस्ताव भी रखा गया था। महापौर सुनीता दयाल के प्रस्ताव पर 60 हजार किराये को घटाकर 25 हजार किया गया था। इसके बावजूद बिजली कनेक्शन कटने और संपत्ति विभाग से बुकिंग संबंधी निर्देश जारी न होने के कारण लोग केंद्र की बुकिंग नहीं करा पा रहे हैं। पार्षद ने नगर आयुक्त को पत्र देकर जल्द बिजली बहाल कर बुकिंग शुरू कराने की मांग की है।