इंदिरापुरम की शिप्रा सनसिटी सोसायटी की धसी बाउंड्री वॉल। संवाद
इंदिरापुरम। शिप्रा सनसिटी फेज-2 के सेमल रोड के पास निर्माणाधीन स्कूल परिसर में भूस्खलन होने पर सोसायटी की दीवार गिर गई। गनीमत रही कि इस दौरान वहां कोई मौजूद नहीं था। अब इस मामले में शुक्रवार को विंडसर एंड नोवा अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन ने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) से शिकायत कर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एसोसिएशन के पदाधिकारी ने जीडीए के अध्यक्ष को भेजे पत्र में आरोप लगाया है कि स्कूल के निर्माण कार्य के दौरान बृहस्पतिवार को हुए भूस्खलन से सोसायटी की बाउंड्री वॉल धंस गई। इससे मुख्य जलापूर्ति लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई। एओए अध्यक्ष सीपी बालियान का कहना है कि लगातार बारिश हुई तो 64 फ्लैटों के प्रभावित होने और लगभग 600 निवासियों की सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो सकता है। पत्र में निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए रिटेनिंग वॉल के निर्माण, उपयोगिताओं को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने, तकनीकी जांच कराने व भविष्य में किसी भी दुर्घटना की जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन, निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों पर तय करने की मांग की गई है। वहीं, उन्होंने बताया कि स्कूल के निर्माण के लिए एसोसिएशन से किसी प्रकार की एनओसी नहीं ली गई है। जीडीए के मीडिया कार्डिनेटर रुद्रेश शुक्ला ने बताया कि सूचना के आधार पर काम रुकवा दिया है। जब तक पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाते है, तब तक काम रुका रहेगा।