रक्षाबंधन वाले दिन काम करेंगे डाक कर्मी
भाईयों के पास त्योहार पर पहुंचेगा रक्षासूत्र
अधिकारियों ने जारी किए निर्देश, बने अलग काउंटर
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। रक्षाबंधन पर्व के लिए डाक विभाग ने तैयारी कर ली है। त्योहार को देखते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्य अवधि बढ़ा दी गई है। राखी के लिए अलग से काउंटर की व्यवस्था भी की गई है। भाई तक बहन का रक्षासूत्र पहुंचाने के लिए त्योहार वाले दिन भी डाक कर्मी कार्य करेंगे।
एसएसपीओ रामनरेश सिकरिया ने बताया कि त्योहार को देखते हुए जरूरी निर्देश अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए गए हैं। समय पर राखी पहुंचे इसके लिए कार्य अवधि को बढ़ाया गया है। नोएडा सेक्टर-16 स्थित डाकघर में 24 घंटे स्पीड पोस्ट बुकिंग की सुविधा रहेगी। रक्षाबंधन तक लोग 24 घंटे में आकर कभी भी स्पीड पोस्ट कर सकते हैं। इसके अलावा गाजियाबाद में रेलवे स्टेशन बजरिया रोड स्थित डाकघर रात के दस बजे तक खोला जाएगा। नवयुग मार्केट स्थित मुख्य डाकघर में शाम छह बजे तक कार्य होगा। उन्होंने बताया कि शेष डाकघरों में भी व्यवस्था की गई है। मुख्य डाकघर में अलग-अलग शहरों के लिए काउंटर भी बना दिए गए हैं, जहां राखी के लिफाफे लोग डाल सकते हैं। इन लिफाफों को प्रतिदिन निकालकर शहरों के लिए रवाना किया जाएगा। रक्षाबंधन वाले दिन डाक कर्मी कार्य करेंगे और पते पर राखी पहुंचाएंगे।