मोदीनगर थाने में तहरीर देने पहुंचे सभासद। संवाद
मोदीनगर। नगर पालिका परिषद के वार्ड नौ में विभिन्न स्थानों पर सभासद लापता के पोस्टर लगने से हड़कंप मच गया। विरोध में सभासदों ने थाने में हंगामा किया। सभासद ने इसे राजनैतिक साजिश के तहत उनकी छवि खराब करने का षड्यंत्र बताते हुए अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
नगर पालिका परिषद क्षेत्र के गांव कादराबाद निवासी संदीप सांगवान वार्ड नंबर नौ से सभासद हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार रात वार्ड में 10 से अधिक स्थानों पर सभासद लापता के पोस्टर लगा दिए गए। इन पर लिखा है कि वार्ड नंबर नौ के सभासद संदीप सांगवान लापता है। यदि सभासद मिलें तो पुलिस को सूचना दें।
रविवार सुबह क्षेत्र के लोगों ने पोस्टर देखे तो उनको सूचना दी। इस घटना से अन्य सभासदों में भी रोष पैदा हो गया। सभासद एकत्रित होकर मोदीनगर थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज आदि के माध्यम से पोस्टर लगाने वाले की पहचान का प्रयाय किया जा रहा है।
मोदीनगर थाने में तहरीर देने पहुंचे सभासद। संवाद