कौशांबी। थाना क्षेत्र के सुमेरु टावर में रविवार सुबह फ्लैट में पंखे से लटक मिले सीबीएसई के डिप्टी सेक्रेटरी डॉ. ब्यंकटेश नारायन सिंह (बीएन सिंह) की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि हुई है। पुलिस को सोमवार शाम उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिली। वहीं, परिवार के लोगों ने कौशांबी पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी है। परिवार के सदस्यों ने गोरखपुर जाकर शव का अंतिम संस्कार किया।
डीसीपी ट्रांस हिंडन विवेक चंद्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदा पर लटकने से मौत की पुष्टि हुई है। इसके अलावा कमरे से नोट भी मिला था। उसमें उन्होंने किसी को मौत का जिम्मेदार नहीं ठहराया था। बता दें कि डॉ. ब्यंकटेश नारायण कई महीनों से मानसिक बीमारी से जूझ रहे थे। परेशान होकर वह फ्लैट से ज्यादा बाहर नहीं निकलते थे। शनिवार रात घर के लोग खाना खाकर सो गए थे। सुबह दस बजे करीब पत्नी निधि सिंह और अन्य सदस्य उन्हें उठाने के लिए कमरे में गए तो दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने पहुंचकर दरवाजा खोला तो वह पंखे में चादर बांधकर लटके हुए थे।