गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की अजनारा सोसायटी के निवासियों से युवती ने खुद को छात्रा बताकर कैंसर पीडि़तों की मदद के नाम पर रुपये ऐंठ लिए। मामले में विलक्षणा ने लीसा नाम की युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
सोसायटी निवासियों का कहना है कि युवती लोगों के फ्लैट पर पहुंचकर खुद को केंद्रीय विद्यालय की छात्रा बताती है। इसके बाद एक स्कूली प्रोजेक्ट का हवाला देकर कैंसर पीड़ितों की मदद के नाम पर लोगों से रुपये ले रही है। एसीपी नंदग्राम रवि कुमार सिंह का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया गया है।