मसूरी/गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र में खाद बीज की दुकान करने वाले व्यापारी से आरोपी ने सीबीआई और इनकम टैक्स का अधिकारी बताकर जेल भेजने की धमकी दी।
दस्तावेजों में कमी और नकली माल बेचने की धमकी देकर हजारों रुपये की अवैध वसूली कर ली। मंगलवार को आरोपी की मुलाकात दुकानदार से मसूरी में हो गई। दुकानदार ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
एसीपी मसूरी लिपी नगायच ने बताया कि मसूरी निवासी शाहिद के मुताबिक एनएच-नौ पर उनकी किसान बीज भंडार के नाम से दुकान है। कुछ दिन पहले एक व्यक्ति उनकी दुकान पर आया। खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर इनकम टैक्स का छापा होने की बात कही। बताया कि उनकी टीम कार में अगले चौराहे पर खड़ी है।
आरोपी ने शाहिद की दुकान का लाइसेंस, बिल और खाद बीज की कंपनी आदि का निरीक्षण किया। उसके बाद लाइसेंस व अवैध बिक्री करने की बात कहकर जेल भेजने की धमकी दी। शाहिद के मुताबिक वह भयभीत हो गए और उन्होंने गल्ले में रखी तमाम नकदी फर्जी सीबीआई अधिकारी को सौंप दी। जिसके बाद वह चला गया। पीड़ित ने बताया कि मंगलवार की दोपहर वह किसी काम से चौराहे पर गए थे। जहां उन्होंने आरोपी को सड़क पर खड़े देखा और पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सद्दाम निवासी गांव खिचरा जनपद हापुड़ बताया।
सर, क्या करना है गिरफ्तार करा दूं : शाहिद के मुताबिक खुद को सीबीआई अधिकारी बताने वाला सद्दाम जब दुकान पर निरीक्षण कर रहा था तो मोबाइल पर किसी नाजिर नाम के व्यक्ति के संपर्क में था। मोबाइल पर जी सर, जी सर करके लाइसेंस और दुकान में रखे बीज व खाद की बाबत गलत जानकारी दे रहा था।
साथ ही कॉलर से पूछा कि सर बताओ पुलिस को बुलाकर इसे गिरफ्तार करा दूं क्या। पीड़ित का आरोप है कि इसके अन्य साथी भी हैं।