मुरादनगर में नगर पालिका की पेयजल पाइपलाइन पिछले तीन-चार दिनों से क्षतिग्रस्त है। इससे क्षेत्र के हजारों लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं, वहीं सड़क खुदाई से जाम और धूल की समस्या भी बढ़ गई है।
चुंगी नंबर-3 स्थित सरना चौक के पास पाइपलाइन रोड पर नगर पालिका की पेयजल पाइपलाइन पिछले तीन-चार दिनों से क्षतिग्रस्त पड़ी है। इससे क्षेत्र के हजारों लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, सड़क खोदे जाने के कारण पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रहती है और धूल उड़ने से राहगीरों व स्थानीय लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
विज्ञापन
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अरविंद भारतीय, किसान मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य नवीन त्यागी सरना ने बताया गया कि चुंगी नंबर-3 स्थित रामलीला ग्राउंड से लेकर ईदगाह बस्ती में निर्माणाधीन पानी की टंकी तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा है।
इसी दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति बाधित हो गई। इसके चलते महाजनान, ब्राह्मणान, त्यागी कॉलोनी, रावली रोड, तैलियान, व्यापारियान, मेन बाजार, पाइपलाइन क्षेत्र समेत एक दर्जन से अधिक कॉलोनियों और मोहल्लों में पेयजल संकट गहरा गया है।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से पानी नहीं मिलने के कारण उन्हें निजी इंतजाम करने पड़ रहे हैं। बताया कि सड़क की खुदाई के कारण सुबह और शाम के समय वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। स्कूल बसों को भी मार्ग बदलकर निकलना पड़ रहा है।
लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं कराया जा रहा है। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से करीब सात से आठ हजार की आबादी प्रभावित है। उन्होंने नगर पालिका से पाइपलाइन की मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति बहाल कराने और सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की है। लोग हैंडपंप से पानी रहे है। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र कुमार सिंह का कहना है कि पाइप लाइन ठीक होने का कार्य चल रहा है, जल्दी ही पानी की आपूर्ति बहाल की जाएगी।