गाजियाबाद। कलक्ट्रेट में सोमवार को अपर जिलाधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों के संभाजन के संबंद्ध में समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रमुख राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि गाजियाबाद में पांच पूर्ण विधान सभाक्षेत्र और एक आंशिक विधानसभा क्षेत्र में कुल 812 मतदान केंद्र हैं और 3187 मतदेय स्थल थे, जिनमें बदलाव हुआ है। इन केंद्रों का भौतिक सत्यापन, पुनर्व्यवस्था और नये भवनों का चिह्नीकरण निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सेक्टर आफिसर्स ने किया।
उन्होंने बताया कि लोनी विधानसभा में एक मतदेय स्थल, साहिबाबाद विधानसभा में एक मतदान केंद्र और दो मतदेय स्थल बढ़ाए गए हैं। गाजियाबाद विधानसभा में एक मतदान केंद्र कम किया गया है। मोदीनगर विधानसभा में छह मतदान केंद्र कम हुए हैं। मुरादनगर और धौलाना विधानसभा कोई बदलाव नहीं हुआ है। इस तरह से कुल मतदान 812 से घटकर 806 और कुल मतदेय स्थल 3187 से बढ़कर 3190 हो गये हैं। मोदीनगर विधानसभा में पूर्व माध्यमिक विद्यालयों और प्राथमिक विद्यालयों के स्थान पर कंपोजिट विद्यालयों को मतदान केंद्र बनाया गया है। बैठक में शामिल एसडीएम सदर विनय कुमार ने कहा कि आम जनता को वोटर कार्ड बनाने के लिए ऑनलाइन आवेदन भरने के लिए जागरूक करना होगा।