ककोड़। झाझर चौकी पर तैनात एक पुलिसकर्मी किशोर से पैर दबवा रहा है। मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। क्षेत्र निवासी समाजसेवी ने इस वीडियो के आधार पर मुख्यमंत्री, डीजीपी समेत अन्य अफसरों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
शनिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो गया। वायरल वीडियो में झाझर चौकी पर तैनात एक पुलिसकर्मी अपने पैर दबवा रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी एक किशोर से पैर दबावाता हुआ दिख रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि एक कमरे में पुलिसकर्मी आराम कर रहा है, और किशोर उसके पैर दबा रहा है। क्षेत्र के लोगों की मानें तो आरोपी पुलिसकर्मी का जनता के प्रति व्यवहार भी ठीक नहीं है। आरोपी ने जिले में तैनाती के दौरान कुल तीसरी बार झाझर चौकी पर ही अपनी तैनाती कराई है। अधिकारियों ने पूरे मामले में अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।