गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय से जिला अस्पताल की ओर जाने वाले रास्ते पर पुलिसकर्मी की बाइक सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। एक पुलिसकर्मी के पैर की हड्डी टूट गई। आरोप है कि आरोपी बाइक चालक मौके पर बाइक छोड़कर भाग गया। मामले में कांस्टेबल सरवेज अली ने मधुबन बापूधाम थाने में केस दर्ज कराया है।
शिकायत में शामली के कैराना निवासी कांस्टेबल सरवेज अली ने बताया कि 20 जून को वह अपनी बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। तभी उनके दोस्त कार्तिक शर्मा का फोन आया, जो एसीपी ट्रैफिक प्रथम के कार्यालय पुलिस लाइन में तैनात हैं। उन्हें कुत्ते ने काट लिया था। वह उसे संयुक्त अस्पताल लेकर जा रहे थे। रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच जैसे ही वह केंद्रीय विद्यालय से अस्पताल की तरफ जाने वाली रोड पर पहुंचे तो तेज रफ्तार में आई बाइक ने उन्हें सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह दोनों बाइक से नीचे गिर गए, जिसमें दोनों को गंभीर चोटें आईं और बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आरोपी बाइक चालक अपनी बाइक मौके पर छोड़कर भाग गया। राहगीरों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि कार्तिक को संयुक्त अस्पताल ले जाया गया। उनका कहना है कि अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच की तो पता चला कि उनके बाएं पैर की हड्डी टूटकर मांस बाहर आ गया है, जिस कारण ऑपरेशन होगा। परिवार ने दूसरे अस्पताल में उनकी सर्जरी कराई। एसीपी कविनगर का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।