वेव सिटी पुलिस ने चैकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध पटाखों की तस्करी कर रहे पिकअप को पकड़ा है। पुलिस ने वाहन से भारी मात्रा में प्रतिबंधित और अवैध आतिशबाजी बरामद करते हुए मौके से दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर को वेव सिटी पुलिस बल क्षेत्र में गश्त व वाहन चैकिंग कर रहे थे। इसी दौरान इनायतपुर तिमोही पुल की तरफ से आ रहे एक पिकअप के चालक ने पुलिस को देखकर वाहन रोकने की कोशिश की और हड़बड़ा गया। पुलिस ने संदेह के आधार पर जब वाहन की तलाशी ली, तो उसमें से भारी मात्रा में अवैध पटाखे मिले।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों ने अपनी पहचान चालक विशेष पुत्र कौशलजीत निवासी ग्राम भापुर, थाना बीबीनगर, बुलंदशहर तथा जावेद अख्तर पुत्र अब्दुल जब्बार, हाल निवासी मिर्जापुर प्रताप विहार, थाना विजयनगर, गाजियाबाद, मूल निवासी ग्राम बंगराकला, थाना बिरनी, जिला गिरिडीह, (झारखंड) के रूप में हुई।
आरोपियों ने पूछताछ में कबूला कि वे इन पटाखों को चोरी-छिपे दिवाली पर घर के पास दुकान लगाकर बेचने की फिराक में थे। हालांकि, वे पटाखों के क्रय-विक्रय, परिवहन या भंडारण से जुड़ा कोई भी वैध लाइसेंस या वाहन के कागजात पुलिस को नहीं दिखा सके। पुलिस ने पिकअप को एम-परिवहन ऐप के माध्यम से सीज कर दिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख) के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।