हाईवे जाम मुक्त रखने के दावे पुलिस के फेल हो गए। रविवार शाम सीकरी मेले मेें उमड़ी भीड़ से मोदीनगर में चारों ओर जाम लग गया। करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम होने से वाहनों की रफ्तार थम गई और लोग गर्मी में बेहाल हो गए।
हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भारी वाहनों को गंगनहर कांवड़ मार्ग के रास्ते डायवर्ट किया। पुलिस कर्मियों ने यातायात सुचारु कराने की कोशिश की, मगर जाम से लोगों को निजात नहीं मिल सकी। देर रात तक एनएच 58 पर जाम लगा रहा।
रविवार को शाम छह बजे से अचानक हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई। सीकरी मेले में ट्रैक्टर ट्रॉली, भैसा बुग्गी में भरकर श्रद्घालुओं के जाने के कारण हाईवे पर चारो ओर जाम के हालात बन गए। सीकरी रोड से गोविंदपुरी, तेल कालोनी, कोतवाली, बस स्टैंड, सौंदा कट, राज चौराहे, महेंद्रपुरी कट, गोविंदपुरी आदि स्थानों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतार लगी लग गई। वाहनों में सवार लोगों की जाम में फंसकर फजीहत हुई।
जाम में एंबुलेंस, वीआईपी और सरकारी अधिकारी भी फंसे नजर आए। एसएचओ ध्रुव भूषण दूबे का कहना है कि पुलिस हाईवे को जाम मुक्त कराने में लगी है। गाजियाबाद की ओर से आने वाले भारी वाहनों को गंगनहर कांवड़ मार्ग से डायवर्ट किया गया है। सभी कट पर पुलिस कर्मियों को लगाया गया है।