मोदीनगर। पुलिस ने एक व्यापारी की सूचना पर नगर में दो स्थानों पर छापा मारकर सीबीएसई के पाठ्यक्रम की नकली किताबें बरामद की। पुलिस ने गैरकानूनी रूप से किताबें बेच रहें दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 161 किताबें बरामद की हैं। शिवपुरी कॉलोनी निवासी अनुज गोयल किताबों का व्यापार करते हैं। राज चौपले पर केशव ट्रेडर्स के नाम से उनकी फर्म है। अनुज ने बताया कि दिल्ली के दरियागंज स्थित पब्लिकेशन कोलोफोन लर्निंग सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड की कक्षा एक से आठ तक की किताबों की बिक्री का अनुबंध किया हुआ है। पब्लिकेशन के अनुबंध के अनुसार अनुज की फर्म के अलावा किसी अन्य को किताबें सप्लाई नहीं करता। अनुज को जानकारी मिली कि बाजार में किताबें काम दामों पर बेची जा रही है। अनुज ने फर्जीवाड़ा कर किताबें बेचने वाले दुकानदारों को चिन्हित कर पब्लिकेशन के अधिकारियों और पुलिस से मामले की शिकायत की। एसीपी रितेश त्रिपाठी ने बताया कि दिल्ली-मेरठ मार्ग पर पीबीएएस इंटर कॉलेज के समीप स्थित सुमित बुक डिपो और संतपुरा कॉलोनी में हितेंद्र जैन बुक डिपो पर छापा मारा। दोनों स्थानों से पब्लिकेशन की कुल 161 किताबें जब्त की। मामले में सुमित अग्रवाल और हितेंद्र जैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।